Punjab: RSS नेता के पोते की हत्या... फिरोजपुर पुलिस ने मास्टरमाइंड का किया एनकाउंटर

Naveen Arora Murder Case
X

फिरोजपुर पुलिस ने नवीन अरोड़ा मर्डर केस में मुख्य आरोपी को किया अरेस्ट

फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह का कहना है कि नवीन अरोड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी जतिन काली को स्थानीय सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पंजाब के फिरोजपुर में आरएसएस नेता दीना नाथ के पोते नवीन अरोड़ा के हत्याकांड मामले का मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार हो चुका है। उसके गोली लगी है। उसे इलाज के लिए फिरोजपुर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नवीन अरोड़ा हत्याकांड में दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।

फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह ने बताया कि देर रात पुलिस को जानकारी मिली थी कि नवीन अरोड़ा मर्डर केस का मुख्य आरोपी जतिन काली गांव आरिफ के इलाके में देखा गया है। इस पर पुलिस ने तुरंत अलग-अलग टीमें बनाकर पूरे इलाके को घेर लिया। नाकाबंदी के दौरान एकमोटरसाइकिल तेज रफ्तार में आती दिखी।

पुलिस ने जब बाइक रोकने का इशारा किया तो वो रुकने की बजाए भाग निकला। इस पर पुलिस ने मोटरसाइकिल का पीछा करना शुरू कर दिया तो बाइक सवार ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। आरोपी की चलाई गोली पुलिस की गाड़ी की खिड़की पर लगी। इसके बाद जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया और बाइक गिर गई। इसके बाद उसे बिना मौका दिए पकड़ लिया। एसएसपी ने बताया कि बाइक सवार जतिन काली के रूप में हुई है। उसे फिरोजपुर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

नवीन की हत्या करने से पहले दो बार रैकी की
नवीन अरोड़ा केस में बुधवार को दो आरोपी कनव और हर्ष को अरेस्ट किया गया था। अब मास्टमाइंड जतिन काली के गिरफ्तार होने से कुल 3 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। हालांकि दो आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्तार से बाहर है। पुलिस का कहना है कि ये पांचों आरोपी एक बर्थडे पार्टी मनाने के लिए इकट्ठा हुए थे, जहां जतिन काली ने नवीन अरोड़ा की हत्या करने की बात कही थी।

इसके बाद उसने एक लाख रुपये की सुपारी का ऑफर दिया, जिस पर सभी आरोपी सहमत हो गए। आरोपियों ने नवीन अरोड़ा की हत्या करने से पहले दो बार रैकी की। पुलिस ने कहा कि तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जल्द ही बाकी दो आरोपियों को भी अरेस्ट कर लिया जाएगा।

बता दें कि फिरोजपुर में आरएसएस नेता दीना नाथ के पोते नवीन अरोड़ा की 16 नवंबर को बाइक सवार दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह हमला उस वक्त हुआ, जब वो अपनी दुकान से वापस घर जा रहे थे। इस हत्याकांड के बाद से सियासत गरमाई थी, जिसके बाद पंजाब पुलिस पर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दबाव बढ़ गया था। लेकिन, पंजाब पुलिस ने दो दिन के भीतर ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story