ऑपरेशन सिंदूर: MP के डिप्टी-सीएम का विवादित बयान, कहा- सेना PM के चरणों में नतमस्तक; कांग्रेस ने बोला हमला

Jagdish Devda Controversy: मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सेना पर विवादित बयान दिया है। शुक्रवार को जबलपुर में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, सेना प्रधानमंत्री के चरणों में नतमस्तक है। कांग्रेस उनके इस बयान को लेकर हमलावर हो गई है।
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा बोले-
- डिप्टी सीएम देवड़ा जबलपुर के घंटाघर में सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कहा, पहलगाम हमले से मन में बहुत क्रोध था।
- पर्यटकों को चुन-चुनकर और धर्म पूछ-पूछकर महिलाओं और बच्चों के सामने गोली मारी गई। पूरे देश के लोगों में आक्रोश था। जिन आतंकवादियों ने हमारी बहन बेटियों के सिंदूर को मिटाने का काम किया उन्हें जब तक नेस्तनाबूद नहीं कर देंगे, चैन की सांस नहीं लेंगे।
देवड़ा ने भाषण में आखिर कहा क्या?
यशस्वी प्रधानमंत्री जी को हम धन्यवाद कहना चाहेंगे... और पूरा देश, देश की ये सेना, ये सैनिक उनके चरणों में नतमस्तक हैं। उनके चरणों में पूरा देश नतमस्तक है। उन्होंने जो पूरा जवाब दिया है। इसकी जितनी सराहना की जाए, जितना कहा जाए... एक बार उनके लिए जोरदार ताली बजा करके स्वागत कीजिए।
Video देखें
विजय शाह के बाद अब उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भारतीय सेना का अपमान किया है!
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) May 16, 2025
भाजपा अपने नेताओं को आगे कर लगातार भारतीय सेना के शौर्य का अपमान कर रही है! भाजपा को अपने इन बदजुबान नेताओं को तुरंत बर्खास्त करना चाहिए! pic.twitter.com/Mf0DLlUTg6
अपने बयान पर देवड़ा ने दी सफाई
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर दिए गए अपने विवादास्पद बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और उनकी भावना को गलत ढंग से दिखाया गया है।उपमुख्यमंत्री ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर में हमारी सेना ने जो पराक्रम दिखाया है, उसकी जितनी तारीफ की जाए, वह कम है। मैंने हमेशा यही कहा है कि देश की जनता सेना के चरणों में नतमस्तक है और हम सभी सेना का सम्मान करते हैं। मेरी मंशा और भावना को तोड़-मरोड़कर पेश करना बहुत गलत है।
देवड़ा ने कहा कि यह सब कांग्रेस की साजिश है। उन्होंने कहा, मेरे शब्दों को गलत तरीके से पेश करना कांग्रेस की ओछी राजनीति का हिस्सा है। यह वही पार्टी है जो सेना के शौर्य और बलिदान पर भी राजनीति करने से नहीं चूकती।
पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी पर भी दे चुके हैं विवादित बयान
जगदीश देवड़ा का विवादित बयानों से पुराना नाता रहा है। वर्ष 2023 में जबलपुर में जगदीश देवड़ा ने पूर्व प्रधान अटल बिहारी वाजपेयी को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने अटल जी के शासनकाल की योजनाओं को शेरशाह सूरी के शासन से तुलना की थी। देवड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि अगर भारत के इतिहास में किसी ने सड़क निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य किया है तो वो या तो शेरशाह सूरी थे या फिर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी।
पटवारी बोले-बीजेपी नेताओं को बर्खास्त करे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने देवड़ा के बयान की निंदा की है। कहा-भाजपा अपने इन बदजुबान नेताओं को तुरंत बर्खास्त करे। मंत्री विजय शाह के बाद अब उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भारतीय सेना का अपमान किया है। सेना के शौर्य का अपमानित करने के लिए बीजेपी लगातार अपने नेताओं को आगे कर रही है।