Indore Metro Train: इंतजार खत्म, इंदौर में जल्द दौड़ेगी मेट्रो रेल; PM मोदी इस दिन दिखाएंगे हरी झंडी

Indore Metro Train: मध्य प्रदेश की पहली मेट्रो ट्रेन इंदौर में दौड़ने को तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 मई को हरी झंडी दिखा सकते हैं। आधिकारिक कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ, लेकिन मेट्रो प्राधिकरण की ओर से तैयारी पूरी है। किराया, रूट और ट्रेनों का शेड्यूल भी तय कर लिया गया है।
नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। कार्यक्रम की अब तक पुष्टि नहीं हुई। उम्मीद है अगले सप्ताह प्रधानमंत्री मोदी मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। PMO की एक टीम ने साइट का निरीक्षण करने के लिए इंदौर का दौरा भी कर चुकी है।
इंदौर मेट्रो का किराया
इंदौर मेट्रो प्राधिकरण ने मेट्रो संचालन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली है। इसे 5 जोनों में विभाजित कर 28 स्टेशन बनाए गए हैं। न्यूनतम किराया ₹20 रुपए और अधिकतम किराया ₹80 होगा। प्रारंभिक प्राथमिकता कॉरिडोर के लिए किराया ₹20 से ₹30 तक होगा।
सुबह 8 से रात 8 बजे तक 50 फेरे
मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अनुसार, इंदौर मेट्रो शुरुआत में गांधी नगर स्टेशन और सुपर कॉरिडोर पर स्टेशन नंबर 3 के बीच प्राथमिकता वाले कॉरिडोर पर चलेगी। सुबह 8 बजे रात 8 बजे तक प्रतिदिन दोनों छोर में 25 चक्कर लगाएंगी। यानी रोजाना मेट्रो ट्रेन के 50 चक्कर लगेंगे। कमर्शियल रन के दौरान हर 30 मिनट में मेट्रो कोच सेट चलेगा। यात्रियों की संख्या के आधार पर इनकी संख्या बढ़ाई-घटाई जा सकती है।
प्राथमिकता कॉरिडोर में 5 स्टेशन
येलो लाइन पर 5.9 किलोमीटर तक फैले प्राथमिकता कॉरिडोर में 5 स्टेशन बनाए गए हैं। प्रत्येक स्टेशन तक पहुंचने में 2 से 5 मिनट ही लगेंगे। वर्तमान में, मेट्रो डिपो और स्टेशन नंबर 3 से आगे के बीच सिस्टम का दिन-रात परीक्षण किया जा रहा है।
इंदौर मेट्रो की टाइमलाइन
इंदौर मेट्रो प्रोजेक्ट को 2017 में कैबिनेट से मंजूरी मिली थी। 2019 और 2021 में दूसरी बार शिलान्यास हुआ। 2022 मार्च से काम में तेजी आई। 2025 में पहले चरण में यह दौड़ने को तैयार है।