Bhopal Nagar Nigam Tax: 23 सप्ताह में 186 करोड़ रुपए टैक्स वसूली का टारगेट, भोपाल नगर निगम ने तय किया लक्ष्य

भोपाल नगर निगम (फाइल फोटो)
Bhopal: राजस्व वसूली में पिछड़ रहे भोपाल नगर निगम ने वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले आय बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। निगम प्रशासन ने आगामी 23 सप्ताह के भीतर 186 करोड़ रुपए से अधिक टैक्स वसूली का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए निगम ने जोन और वार्ड स्तर पर विस्तृत राजस्व वसूली प्लान तैयार कर लिया है।
प्रशासन ने जारी किए निर्देश
निगम के 21 जोन और 84 वार्डों को टैक्स वसूली का साप्ताहिक लक्ष्य दिया गया है। प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं कि 13 दिसंबर 2025 को होने वाली लोक अदालत तक 89 करोड़ रुपए की वसूली हर हाल में सुनिश्चित की जाए। इस दौरान विशेष फोकस संपत्ति कर और जलकर पर रहेगा।
निगम की योजना के अनुसार, अगले दो महीनों में 51 करोड़ 24 लाख रुपए संपत्ति कर और 37 करोड़ 75 लाख रुपए जलकर बकायादारों से वसूल किए जाने हैं। वहीं 31 मार्च 2026 तक 130 करोड़ रुपए से अधिक संपत्ति कर और 56 करोड़ रुपए से ज्यादा जलकर की वसूली का लक्ष्य रखा गया है।
बड़े बकायादारों पर विशेष नजर
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि शहर के बड़े बकायादारों पर विशेष सख्ती की जाएगी ताकि अधिक से अधिक राजस्व जुटाया जा सके। इसके लिए मैदानी कर्मचारियों को वार्ड स्तर पर सक्रिय रहकर वसूली अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रोज बसूली की होगा मॉनिटरिंग
राजस्व विभाग के अधिकारी दैनिक स्तर पर वसूली की मॉनिटरिंग करेंगे। हर जोन से दैनिक रिपोर्ट ली जाएगी ताकि वसूली की गति पर लगातार नजर रखी जा सके। निगम का लक्ष्य है कि वर्ष 2025-26 के अंत तक तय 186 करोड़ रुपए से अधिक की राशि को हासिल किया जाए, जिससे विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राजस्व उपलब्ध हो सके।
