यमुनानगर में दर्दनाक हादसा: दो सगी बहनें ट्रेन से कटकर नहर में गिरी, एक का शव मिला

train accident in yamunanagar
X
यमुनानगर में ट्रेन की चपेट में आने से सगी बहनों की मौत की जांच करती पुलिस। 
हरियाणा के यमुनानगर में ट्रेन से कटकर दो सगी बहनों की मौत हो गई। ट्रेन से कटने के बाद दोनों पुल से नीचे नहर में जा गिरी। इनमें से 26 वर्षीय बहन का शव मिल गया, जबकि एक की तलाश जारी है।

यमुनानगर में दर्दनाक हादसा : यमुनानगर में अंबाला-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर पश्चिमी यमुना नहर पर बने पुल को पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। दोनों बहनें ट्रेन से कटकर नीचे नहर में जा गिरी। पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से एक शव को तो बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। पुलिस गोताखोरों की सहायता से शव की तलाश कर रही है।

खरीदारी करके घर वापस आ रही थी दोनों

तीर्थ नगर की टपरी निवासी कृष्ण ने बताया कि उसकी पत्नी 26 वर्षीय कविता और उसकी साली रादौर निवासी 25 वर्षीय गीता रविवार दोपहर बाजार में खरीदारी करने के लिए गई थी। खरीदारी करने के बाद जब वह पश्चिमी यमुना नहर के ऊपर बने पुल से होकर घर लौट रही थी तो अचानक से ट्रेन आ गई। शायद ट्रेन की आवाज उन दोनों को सुनाई नहीं दी। इस दौरान दोनों ट्रेन से कटकर पश्चिमी यमुना नहर में गिर गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

छोटी बहन के शव की तलाश जारी

आसपास के लोगों ने परिजनों को घटना के बारे में बताया और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से कविता के शव को बाहर निकाला। जबकि गीता के शव का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल स्थित शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story