हरियाणा के मौसम में बड़ा बदलाव: सबसे गर्म सिरसा जिले में धूल भरी आंधी व बारिश, फतेहाबाद, हिसार व भिवानी में भी बदला मौसम

सबसे गर्म सिरसा जिले में धूल भरी आंधी व बारिश, फतेहाबाद, हिसार व भिवानी में भी बदला मौसम
X
फतेहाबाद के भट्टू में बारिश से मिली राहत। 
हरियाणा में पड़ रही भीषण गर्मी से कुछ जिलों में राहत मिली है। प्रदेश के सबसे गर्म सिरसा समेत फतेहाबाद, हिसार, भिवानी व दादरी में कई जगह आंधी व हल्की बारिश से कुछ राहत मिली। जानें आगे क्या रहेगा मौसम।

हरियाणा के मौसम में बड़ा बदलाव : कई दिनों से भयंकर गर्मी की मार झेल रहे हरियाणा में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। गर्मी से झुलसते लोगों को कुछ राहत तो मिली, लेकिन साथ ही मौसम के मिजाज में आए बदलाव ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है। भिवानी, सिरसा, हिसार और फतेहाबाद के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है, वहीं नारनौल और झज्जर में तेज हवाएं और आंधी चल रही है। चरखी दादरी में बादल छाए हुए हैं और अगले कुछ घंटों में वहां भी बारिश की संभावना जताई गई है।

आज शाम छह बजे तक कई जिलों में आंधी का अलर्ट

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने शाम 6 बजे तक सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और दादरी में तेज धूल भरी हवाओं के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की चेतावनी दी है। इन बदलावों के बावजूद तापमान में खास गिरावट नहीं आई है।

एक दिन पहले सिरसा में सबसे ज्यादा 47.4 डिग्री रहा तापमान

गुरुवार को सिरसा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री अधिक है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले 24 घंटों में मौसम फिर से साफ हो सकता है, जिसके बाद गर्मी और अधिक बढ़ने की संभावना है।

कल 9 जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 14 जून के लिए सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, अन्य 13 जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने की अपील की है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story