जमीनी विवाद में हत्या: सिरसा में किसान को गोली मारी, लाठी और डंडे भी चले, 5 लोग घायल

हरियाणा के सिरसा जिले के गांव भावदीन में जमीन के विवाद ने शुक्रवार रात खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए इस झगड़े में एक 32 वर्षीय किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती तौर पर दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और इसी दौरान एक पक्ष ने दूसरे पर गोली चला दी, जो सीधे किसान के पैर में लगी। इलाज के दौरान किसान ने दम तोड़ दिया। इस घटना में 4 से 5 अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
भावदीन में ठेके पर ली थी जमीन
जानकारी के अनुसार मृतक किसान की पहचान बिशंबर के रूप में हुई है, जो दरियापुर शहीदांवाली का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि बिशंबर ने गांव भावदीन में कुछ जमीन ठेके पर ले रखी थी। शुक्रवार शाम को वह भावदीन गया था, जहां जमीन के विवाद को लेकर उसका दूसरे पक्ष से झगड़ा शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों के साथ-साथ गोलियां भी चल गईं।
पैर में लगी गोली, सिर और हाथों पर गंभीर चोटें
झगड़े के दौरान चली गोली बिशंबर के पैर में जा लगी। इसके अलावा उसके सिर और हाथों पर भी लाठी-डंडों से गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान बिशंबर ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
रात को हुआ था शक्ति प्रदर्शन, फिर हुई तनातनी
सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 10 बजे भावदीन गांव में दोनों पक्षों ने पहले शक्ति प्रदर्शन किया था। दोनों तरफ से लगभग 20-20 लोग मौजूद थे। इसी दौरान उनके बीच तीखी तनातनी हुई और फिर लाठी-डंडे चलने लगे। दूसरे पक्ष के लोग गांव के ही बताए जा रहे हैं। झगड़े के दौरान ही दूसरे पक्ष से किसी ने बिशंबर पर गोली चला दी। घटना के बाद आरोपी पक्ष मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस फिलहाल घायलों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया में है। इस जमीनी विवाद और हत्या की घटना से गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि वे आरोपियों की तलाश कर रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।