रोहतक में सरेआम हत्या: स्टेशन पर पूर्व फौजी ने सहकर्मी महिला को मारी गोली, 12 लाख का था लेनदेन

murder in rohtak railway station
X
रोहतक रेलवे स्टेशन पर गोली मारने के बाद मौके पर खड़ा आरोपी व मृतका का फाइल फोटो। 
हरियाणा के रोहतक में एक पूर्व फौजी ने अपनी ही कंपनी में काम करने वाली महिला कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात रेलवे स्टेशन पर उस समय हुई, जब दोनों जींद अपने घर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।

रोहतक में सरेआम हत्या : हरियाणा के रोहतक रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम उस समय अफरातफरी मच गई जब एक रिटायर्ड फौजी ने प्लेटफार्म पर खड़ी सहकर्मी महिला को सरेआम गोली मार दी। यह वारदात शाम करीब 7:50 बजे हुई, जब स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ थी। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान जींद के जुलाना कस्बा निवासी पिंकी के रूप में हुई है, जो रोहतक में एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। आरोपी वजीर सिंह भी जींद के लिजवाना खुर्द का रहने वाला था, जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उसी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता था। अभी तक की जांच में सामने आया है कि महिला को आरोपी से 12 लाख रुपये लेने थे।

गोली मारकर भी कुछ देर वहीं खड़ा रहा आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिंकी और आरोपी दोनों प्लेटफार्म नंबर 2 पर खड़े होकर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वजीर सिंह ने पिंकी की पीठ पर गोली चला दी। गोली लगते ही महिला जमीन पर गिर पड़ी और लहूलुहान हो गई। वहां मौजूद लोग डर के मारे पीछे हट गए। आरोपी कुछ देर तक महिला के पास ही खड़ा रहा और मोबाइल पर बात करता रहा। कुछ समय बाद एक ट्रेन आई, जिसमें वह चढ़ गया। हालांकि प्लेटफार्म पर मौजूद लोगों की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को ट्रेन से उतारकर गिरफ्तार कर लिया।

बेटे की नौकरी लगवाने को आरोपी को दिए थे 12 लाख

परिजनों के अनुसार, वजीर सिंह ने पिंकी के बेटे को नौकरी दिलवाने के नाम पर लगभग 12 लाख रुपये लिए थे। जब लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी और पैसे भी वापस नहीं हुए, तो पिंकी ने आरोपी से कई बार पैसे लौटाने की मांग की। महिला के पति राममेहर ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था और पंचायत में समझौता कराया गया था। लेकिन वजीर सिंह लगातार महिला को परेशान करता रहा।

मदद के लिए तरसती रही घायल महिला

घटना के समय महिला का बेटा लक्ष्य भी प्लेटफार्म पर मौजूद था। जैसे ही उसे गोली लगने की खबर मिली वह तुरंत मां के पास पहुंचा। उसने यात्रियों से मदद की गुहार लगाई लेकिन शुरुआत में कोई सामने नहीं आया। बाद में कुछ लोग आगे आए और उसे एंबुलेंस तक पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

आरोपी नशे में था, पहले चेतावनी दी

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गोली चलाने से पहले आरोपी ने लोगों को चेतावनी दी थी – सामने से हट जाओ, मैं गोली चला रहा हूं। इसके बाद ही उसने पिंकी पर गोली चलाई। इस बयान से साफ है कि हत्या पूर्व नियोजित थी। जीआरपी के एसएचओ जोगेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके कब्जे से हथियार भी बरामद किया गया है। महिला के परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story