हरियाणा में डॉक्टरों की कमी जल्द होगी दूर: CM की मंजूरी का इंतजार, 257 पदों पर जल्द होंगी नियुक्तियां

Recruitment of Doctors
X

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। 

हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों के 777 खाली पद अब भी पूरी तरह भरे नहीं जा सके हैं। पहले चरण में 777 में से लगभग 502 डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे, लेकिन शेष बचे 275 पदों को भरने के लिए वेटिंग लिस्ट से करीब 126 डॉक्टरों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद नियुक्ति पत्र दिए जाने हैं। ये डॉक्टर पिछले लगभग दो महीनों से अपनी जॉइनिंग का इंतजार कर रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार इन डॉक्टरों की नियुक्ति से संबंधित फाइल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पास मंजूरी के लिए पहुंच गई है। सीएम की हरी झंडी मिलते ही इन डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंप दिए जाएंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद है।

58 और डॉक्टरों के दस्तावेज होंगे चेक

अभी 126 डॉक्टरों की जॉइनिंग लंबित है। इसी बीच विभाग ने वेटिंग लिस्ट से जुड़े 58 अन्य डॉक्टरों को भी दस्तावेजों की जांच के लिए बुलाया है। इन्हें पंचकूला स्थित मुख्यालय पर दस्तावेजों की जांच के लिए 21 तारीख को उपस्थित होना होगा। हरियाणा में डॉक्टरों के इन 777 खाली पदों पर भर्ती के लिए रोहतक पीजीआई द्वारा परीक्षा ली गई थी, जिसका परिणाम स्वास्थ्य विभाग को भेज दिया गया था। अब शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच और बायोमेट्रिक के लिए बुलाया जा रहा है, ताकि उन्हें नियुक्ति पत्र देकर प्रदेश के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को पूरा किया जा सके।

विधानसभा में दिया गया था आश्वासन

हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने विधायकों द्वारा उठाए गए सवालों के जवाब में आश्वासन दिया था कि प्रदेश में डॉक्टरों के लगभग 777 पद खाली हैं और प्रदेश सरकार इन्हें जल्द भरने जा रही है। मंत्री के इस आश्वासन के बाद, स्वास्थ्य विभाग ने इन पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। लिखित परीक्षा का जिम्मा रोहतक पीजीआई को सौंपा गया था और वहां से परिणाम विभाग को प्राप्त हो गया था।

तभी से डॉक्टरों के पदों पर भर्ती चल रही है, लेकिन अभी तक सभी 777 पदों पर शत-प्रतिशत भर्ती नहीं हो पाई है। इसी क्रम में लगभग 257 डॉक्टर (126 पहले और 58 नए) अपनी जॉइनिंग का इंतजार कर रहे हैं। इन नियुक्तियों से हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज मिल पाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द इन पदों को भरकर प्रदेश में डॉक्टरों की कमी को दूर किया जाए।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story