Kurukshetra Accident: कुरुक्षेत्र में दर्दनाक हादसा,अंगीठी के धुएं से दम घुटकर 5 मजदूरों की मौत

Five people died due to suffocation in Kurukshetra
X

कुरुक्षेत्र में दम घुटने से 5 लोगों की मौत

कुरुक्षेत्र में सहारनपुर से आए ठेकेदार नूर व 4 मजदूरों ने ठंड से बचने के लिए बंद कमरे में कोयले की अंगीठी जलाई। इस दौरान धुएं से दम घुटने पर सभी की मौत हो गई। जानिए क्या है पूरा मामला

Kurukshetra Accident: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से आए एक ठेकेदार नूर और उनके साथ आए 4 मजदूरों की मौत हो गई। ये सभी लोग कुरुक्षेत्र में जिला जेल के पास एक होटल में पेंटिंग का काम करने आए थे। सोमवार शाम करीब 4 बजे के बाद सहारनपुर से पहुंचे। इन लोगों ने दिन भर काम किया और रात को एक होटल के कमरे में ठहरे। ठंड से बचने के लिए उन्होंने कमरे में कोयले की अंगीठी जला ली, जो उनकी जान की दुश्मन बन गई।

दम घुटने से हुई मौत

काम खत्म होने के बाद सभी ने रात का खाना खाया और एक ही कमरे में सो गए। रात में ठंड ज्यादा होने की वजह से उन्होंने बंद कमरे में अंगीठी जला दी। कमरा बंद होने से धुआं अंदर ही भरता गया और ऑक्सीजन की कमी हो गई। किसी को इसकी भनक नहीं लगी और धीरे-धीरे जहरीली गैस से सभी का दम घुट गया। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो होटल के कर्मचारियों को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया।

पुलिस को मैनेजर ने दी सूचना

इसके बाद होटल मैनेजर को सूचना दी गई और पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया। कमरे के अंदर का नजारा बहुत दुखद था। सभी पांच मजदूर मृत पड़े थे और अंगीठी अभी भी जल रही थी। प्राथमिक जांच में दम घुटने से मौत की आशंका जताई गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कुरुक्षेत्र के सिविल अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमॉर्टम चल रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारण की पुष्टि होगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story