जींद में इंसानियत शर्मसार: मां के साथ सामूहिक दुष्कर्म... फिर 5 साल की बेटी की हत्या, 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

Jind Gang Rape Case: जींद से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 35 साल की महिला के साथ 4 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और उसके बाद उसकी 5 साल की बच्ची की हत्या कर दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को श्मशान घाट में दफना दिया था। मामले के बारे में पता लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और गैंगरेप का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप, हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला के पति के साथ हुआ झगड़ा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह और उसका परिवार कूड़ा बीनने का काम करते हैं। महिला का कहना है कि 15 दिन पहले उसके पति का पड़ोस में रहने वाले अमित और उसके दोस्तों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। लेकिन विवाद इतना बढ़ गया कि अमित ने पीड़ित महिला के साथ मारपीट की। इस झगड़े में महिला के पति के सिर पर चोट आई थी।
इस मामले को लेकर पीड़ित महिला और उसके पति ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत कर दी। पुलिसने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कर दिया था। इसके बावजूद भी अमित और उसके नाबालिग भाई ने उनके परिवार से रंजिश रखी हुई थी। इस रंजिश में बीती देर रात आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
महिला और उसकी बेटी को घर से उठाकर ले गए आरोपी
पीड़ित महिला का कहना है कि बीती देर रात उसका पति कूड़ा बीनने गया था। महिला अपने तीन बच्चों समेत झोपड़ी में सो रही थी। इसका फायदा उठाकर अमित अपने तीन साथियों के साथ उनकी झोपड़ी में घुस आया। पहले आरोपियों ने महिला को बेहोश कर दिया। इसके बाद चारों आरोपियों ने महिला और उसकी 5 साल की बच्ची को जबरन उठाकर पास के कूड़े के ढेर के पास ले गए। आरोपियों ने पहले बच्ची का गला घोंटकर हत्या कर दी उसके बाद आरोपियों ने महिला के साथ गैंगरेप किया। वारदातो को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला और उसकी बच्ची को छोड़कर मौके से फरार हो गए।
बच्ची के शव को बाहर निकलवाया
मामले के बारे में तब खुलासा हुआ जब झुग्गी बस्ती की अन्य महिलाएं शौच के लिए निकलीं। तब उन्होंने कूड़े के ढेर पर बेसुध पड़ी महिला को देखा। मौके पर मौजूद लोगों ने बेहोशी की हालत में महिला को झोपड़ी में ले आए। इस बीच परिजनों ने बच्ची के शव को श्मशान घाट में दफना दिया। महिला का आरोप है कि उसकी बेटी के साथ भी आरोपियों ने दुष्कर्म किया है। इसके बाद पुलिस ने श्मशान घाट से ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बच्ची का शव निकलवाया।
बच्ची से भी दुष्कर्म की संभावना
जांच अधिकारी एसआई यशवीर का कहना है कि चारों आरोपियों नाबालिग हैं। सभी के खिलाफ गैंगरेप और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। बच्ची के साथ भी दुष्कर्म की संभावना जताई जा रही है। लेकिन पुलिस का कहना है कि इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read: रोहतक में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, पुलिस ने वसूला 1.53 करोड़ का जुर्माना