HSVP गबन मामला: सरकारी खाते से 68 करोड़ रुपये की हेराफेरी में यश बिन्दल गिरफ्तार

HSVP गबन मामला : हरियाणा के पंचकूला में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने शनिवार को भ्रष्टाचार के एक मामले में आरोपी यश बिन्दल को गिरफ्तार किया है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) से 68 करोड़ रुपये का गबन किया गया था। इसमें से करीब 48 लाख रुपये पंचकूला निवासी आरोपी यश बिन्दल के खाते में भी भेजे गए थे। अब जांच टीम आरोपी की इस गिरोह में और संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
पंचकूला HSVP से 46 व गुरुग्राम से 22 करोड़ ट्रांसफर किए थे
यह मामला वर्ष 2015 का है जब हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, पंचकूला के उच्च अधिकारियों की अनुमति के बिना, एक साजिश के तहत पंजाब नेशनल बैंक (PNB), मनीमाजरा, चंडीगढ़ में एक बैंक खाता (नंबर 1183002100026639) खोला गया था। जांच के अनुसार 2015 से 2019 तक हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण पंचकूला में वरिष्ठ लेखा अधिकारी सुनील बंसल ने इस अवैध खाते का इस्तेमाल सरकारी धन की हेराफेरी के लिए किया। उसने HSVP गुरुग्राम के LAO कार्यालय के बैंक खातों से 22 करोड़ रुपये और HSVP पंचकूला के खाते से 46 करोड़ रुपये यानी कुल मिलाकर लगभग 68 करोड़ रुपये अवैध रूप से इस PNB खाते में ट्रांसफर किए।
रिटायरमेंट से एक दिन पहले बंद कर दिया था खाता
अवैध तरीके से हासिल की गई इस 68 करोड़ रुपये की राशि को PNB मनीमाजरा के इसी खाते से अलग-अलग निजी व्यक्तियों के खातों में ट्रांसफर कर सरकारी राशि का गबन किया गया। हैरानी की बात यह है कि सुनील बंसल ने अपनी सेवानिवृत्ति से ठीक एक दिन पहले, 27 फरवरी 2019 को इस खाते को बंद करवा दिया था।
चार गिरफ्तारियां हो चुकी हैं पहले
इस संबंध में 7 मार्च 2023 को पंचकूला के सेक्टर-7 थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत FIR संख्या 116 दर्ज की गई थी। नवंबर 2023 में इस मामले की जांच राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पंचकूला को सौंप दी गई थी। SVCB की जांच के दौरान यह सामने आया कि गिरफ्तार किए गए यश बिन्दल के बैंक खाते में PNB, मनीमाजरा के अवैध खाते से करीब 48 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। इस मामले में पहले भी कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। आरोपी विजय कुमार, मनोज कुमार सिंगला, सुनील गर्ग और सुनील बंसल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
बैंक अधिकारियों की भी जांच
मामले की चल रही जांच में PNB मनीमाजरा, चंडीगढ़ के तत्कालीन ब्रांच मैनेजर और अन्य बैंक कर्मचारियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। यह देखना बाकी है कि इस बड़े गबन में और कितने लोग शामिल पाए जाते हैं और जांच कहां तक पहुंचती है।