Historic day: 59 साल बाद हिसार-चंडीगढ़ सीधी रेल सेवा शुरू, गुरुग्राम के लिए भी दौड़ेगी ट्रेन

हरियाणा के हिसार जिले के निवासियों के लिए आज एक ऐतिहासिक दिन है। 59 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद, हिसार आखिरकार सीधी रेल सेवा के माध्यम से हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ से जुड़ गया है। हरियाणा राज्य के गठन के बाद से ही हिसार और चंडीगढ़ के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी की मांग उठ रही थी, जो आज साकार होने जा रही है। दोपहर 2 बजे हिसार के रायपुर रेलवे स्टेशन से इस बहुप्रतीक्षित ट्रेन को सांसद नवीन जिंदल और स्थानीय विधायक सावित्री जिंदल हरी झंडी दिखाएंगे।
गुरुग्राम के लिए भी मिली सीधी कनेक्टिविटी
चंडीगढ़ के साथ-साथ, गुरुग्राम के लिए भी हिसार से सीधी रेल सेवा की शुरुआत होगी। सातरोड़ रेलवे स्टेशन से गुरुग्राम के लिए सीधी ट्रेन चलेगी, जिससे यात्रियों को दिल्ली होकर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। दोनों सीधी रेल सेवाओं के शुरू होने से हिसार और इन दो महत्वपूर्ण शहरों के बीच यात्रा करने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। हिसार रेलवे स्टेशन पर आज दोपहर 1:30 बजे एक विशेष कार्यक्रम आयोजित होगया, जिसके बाद 2 बजे चंडीगढ़ के लिए पहली ट्रेन रवाना होगी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 18 मई से चंडीगढ़ जाने वाली ट्रेन रायपुर स्टेशन से और गुरुग्राम के लिए ट्रेन सातरोड़ स्टेशन से नियमित रूप से अपनी सेवाएं देंगी।
परेशानियों से मिलेगी मुक्ति, समय और पैसे की होगी बचत
गौरतलब है कि इससे पहले हिसार से चंडीगढ़ या गुरुग्राम जाने के लिए लोगों को या तो बसों का सहारा लेना पड़ता था या फिर कई बार ट्रेनें बदलनी पड़ती थीं। यह न केवल एक थकाऊ प्रक्रिया थी, बल्कि यात्रा भी महंगी साबित होती थी। सड़क मार्ग से जुड़े होने के बावजूद, सीधी रेल सेवा की मांग लंबे समय से क्षेत्र के नेता, व्यापारी, रेल एसोसिएशन और आम नागरिक उठाते आ रहे थे। आज यह मांग पूरी हुई है।
हिसार-चंडीगढ़ ट्रेन की समय सारणी
यह ट्रेन रायपुर हिसार से रात 2:25 बजे प्रस्थान करेगी और रास्ते में बरवाला (2:43 बजे), उकलाना (2:58 बजे), जाखल (3:40-3:50 बजे), नरवाना (4:20-4:35 बजे), कैथल (5:00 बजे), कुरुक्षेत्र (5:45-6:00 बजे), अम्बाला (7:20-7:30 बजे), चंडीगढ़ (8:55-9:03 बजे), मोहाली (9:16 बजे), रोपड़ (10:26 बजे), नंगल डैम (11:35 बजे), ऊना हिमाचल (11:58 बजे) होते हुए दोपहर 12:40 बजे अम्ब अंदौरा पहुंचेगी।
वापसी की यात्रा में, यह ट्रेन अम्ब अंदौरा से दोपहर 3 बजे चलेगी और ऊना हिमाचल (3:28 बजे), नंगल डैम (4 बजे), रोपड़ (5:02 बजे), मोहाली (6:01 बजे), चंडीगढ़ (6:25-6:35 बजे), अम्बाला (7:25-7:35 बजे), कुरुक्षेत्र (8:15-8:20 बजे), कैथल (8:56 बजे), नरवाना (9:50-9:55 बजे), जाखल (11:15-11:20 बजे), उकलाना (11:56 बजे), बरवाला (12:18 बजे) होते हुए रात 1:05 बजे रायपुर हरियाणा पहुंचेगी।
ये है गुरुग्राम के लिए सीधी ट्रेन का समय
दिल्ली से रेवाड़ी के बीच वाया गुरुग्राम चलने वाली ट्रेन संख्या 54085-86 को अब फास्ट पैसेंजर ट्रेन के रूप में विस्तारित कर हिसार के सातरोड़ तक चलाया जाएगा। ट्रेन संख्या 54085 दिल्ली से सुबह 7 बजे चलकर 9:40 बजे रेवाड़ी और दोपहर 1:35 बजे सातरोड़ पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 54086 सातरोड़ से दोपहर 2:10 बजे रवाना होकर शाम 5:30 बजे रेवाड़ी और लगभग रात 8 बजे गुरुग्राम पहुंचेगी। यह ट्रेन रेवाड़ी से जाटुसाना, कोसली, झारली, चरखी दादरी, भिवानी, बवानी खेड़ा और हांसी के रास्ते सातरोड़ तक जाएगी।
जिंदल परिवार ने बताया ऐतिहासिक क्षण
चंडीगढ़ के लिए सीधी रेल सेवा की शुरुआत पर खुशी व्यक्त करते हुए विधायक सावित्री जिंदल ने कहा यह सिर्फ एक रेल सेवा नहीं है, बल्कि हिसार के सपनों को राजधानी से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है। हमने इस दिन का लंबे समय से इंतजार किया है। सांसद नवीन जिंदल ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा यह रेल लिंक न केवल हिसार और चंडीगढ़ के बीच की दूरी को कम करेगा, बल्कि शिक्षा, चिकित्सा और व्यापार के क्षेत्र में नए अवसरों के द्वार भी खोलेगा।