हरियाणा में रेतीले तूफान का कहर: राजस्थान बॉर्डर से उठा धूल का गुबार सुनामी की तरह छाया, तीन दिन और बदलेगा मौसम

Massive Dust Storm : हरियाणा में बुधवार शाम को आए एक भीषण रेतीले तूफान ने दहशत का माहौल बना दिया। यह धूल भरी आंधी राजस्थान, एनसीआर के कुछ इलाके और हरियाणा के भिवानी जिले के सिवानी मंडी में फैल गई। करीब 60 किलोमीटर में तेज हवाओं के साथ उठा यह तूफान इतना विशाल था कि उसकी अग्रिम लहर एक ऊंची दीवार जैसी प्रतीत हो रही थी, जो काफी तेजी से आगे बढ़ती नजर आई। तूफान के दौरान दृश्यता महज 200 मीटर तक सीमित रह गई, जिससे आम जनजीवन कुछ देर के लिए थम सा गया। लोगों ने इसे अपने मोबाइल में कैद किया, जिसके वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
घरों के अंदर और बाहर जम गई रेत की मोटी परत
हालांकि तूफान की गति अधिक नहीं थी, जिससे जान-माल की कोई हानि नहीं हुई, लेकिन घरों के अंदर और बाहर रेत की मोटी परत जम गई। स्थानीय निवासियों ने बताया कि अचानक आए इस तूफान से कुछ देर के लिए सब कुछ धुंधला हो गया था और चारों ओर सिर्फ धूल ही नजर आ रही थी। तूफान थमने के बाद हर जगह धूल ही धूल रह गई।
मौसम विभाग का अलर्ट : अगले तीन दिन हरियाणा में बदलेगा मिजाज
भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि हरियाणा में 16 से 18 मई के बीच मौसम में काफी बदलाव देखने को मिलेगा। गुरुवार को प्रदेश में मौसम साफ और धूप खिली रहने की संभावना है, लेकिन शुक्रवार से बादल और बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। 16 मई को मेवात, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल, जिंद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जिलों में हल्की बारिश की 25% संभावना जताई गई है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में मौसम शुष्क रहेगा।
17 और 18 मई को बारिश से मिल सकती है राहत
17 मई को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत और रोहतक में बारिश हो सकती है, जबकि बाकी जिलों में मौसम सूखा बना रहेगा। 18 मई को एक बार फिर बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है। इस दिन पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में बारिश की 25% संभावना है। शेष जिलों में बारिश के आसान नहीं लग रहे।
तापमान में भी उतार-चढ़ाव
राज्य भर में बुधवार को अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। सबसे गर्म जिले नूंह और भिवानी रहे, जहां अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, महेंद्रगढ़ जिले में तापमान में सबसे अधिक 1.5 डिग्री की वृद्धि हुई और पारा 41.5 डिग्री पर पहुंच गया। जींद में तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई। वहां अधिकतम तापमान 0.1 डिग्री घटकर 39.5 डिग्री सेल्सियस हो गया।