Delhi-Haryana Weather: दिल्ली में इस हफ्ते मौसम में होगा उलटफेर, गर्मी से मिल सकती है राहत; हरियाणा में तापमान बना आफत

दिल्ली-हरियाणा मौसम अपडेट
Delhi-Haryana Weather: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर मौसम में उलटफेर देखने को मिल सकता है। पिछले दिनों दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश के बाद से गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हालांकि तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई। बुधवार (14 मई) को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो कि नॉर्मल से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम है।
वहीं, आज (गुरुवार) दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। तापमान 40 के पार रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। इस दौरान दिन के समय में तेज हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग की मानें, तो आने वाले दिनों में दिल्ली में तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है।
16 मई को दिल्ली में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, 16 मई को दिल्ली में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसके अलावा एनसीआर के इलाकों में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इससे गर्मी में थोड़ी राहत रहेगी, लेकिन तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी।
इसके बाद 17 मई से लेकर 20 मई तक दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 और 20 मई को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा।
हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
हरियाणा में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। इससेलोग भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। बता दें कि बुधवार को हरियाणा के भिवानी में सबसे ज्यादा 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जबकि पानीपत में सबसे कम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं आज के मौसम की बात करें, तो हरियाणा में आज आसमान साफ रहने वाला है। इससे तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार ही रहेगा।
हालांकि इसके बाद 16 मई से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। हरियाणा के मौसम विभाग ने 16 मई को प्रदेश के अधिकतर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज आंधी तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना है। साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है।
ये भी पढ़ें: ट्रैफिक पुलिस का सर्वे: दिल्ली की 233 जगहों पर लग रहा भारी जाम, ये विभाग मिलकर निपटेंगे