बालोद में 20 जुलाई को बनेगा हरियाली का इतिहास: 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान में लगाए जाएंगे 2 लाख पौधे

पौधरोपण करते हुए
राहुल भूतड़ा - बालोद। छत्तीसगढ़ का बालोद जिला आगामी 20 जुलाई को इतिहास रचने जा रहा है। जिले के प्रभारी मंत्री और सूबे के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की मौजूदगी में व कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत 2 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।
जिला संयुक्त कार्यालय के आस-पास और सभी ब्लॉक मुख्यालयों में इस वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा। जिसकी तैयारी युद्धस्तर पर की जा रही है। कलेक्ट्रेट के आस-पास जिला स्तरीय वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में इस सघन वृक्षारोपण का शुभारंभ जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा करेंगे।
पूरे बालोद जिले में 2 लाख पौधे लगाए जाएंगे
कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर द्वारा लगातार ब्लॉक मुख्यालयों में बैठक लेकर सघन वृक्षारोपण अभियान के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित कर आवश्यक जानकारी दी जा रही है। पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा पौधरोपण हेतु गड्ढा खोदकर रखने के निर्देश दिए गए है। सरपंच, सचिवों को पौधरोपण हेतु स्थल चयन का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं रोपित पौधों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। इसके लिए एडीएम द्वारा जन सहभागिता को बढ़ाने की बात कही गई हैं। दरअसल बालोद जिले में 20 जुलाई को ’एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत एक साथ सघन वृक्षारोपण किया जाएगा। पूरे बालोद जिले में दो लाख पौधा जनभागीदारी के माध्यम से रोपित किया जाना है। जिसका मुख्य उद्वेश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आम जनता को प्रकृति से जोड़ना है। वृहद वृक्षारोपण अभियान अंतर्गत नोडल अधिकारी भी नियुक्त किये गए है।
समय समय पर प्लांटेशन को रिव्यू करते रहेंगे- डीएफओ
डीएफओ अभिषेक अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि, दो लाख वृक्षारोपण का लक्ष्य कलेक्टर से मिला है। तैयारी का रिव्यू किया गया हैं। पर्याप्त मात्रा में पौधे उपलब्ध हैं। जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्ट्रेट परिसर के आस-पास के क्षेत्र में तथा सभी ब्लॉक मुख्यालयों में व स्थानीय लोगो से संपर्क कर वृक्षारोपण करेंगे। इसके अलावा विभागीय वृक्षारोपण में स्थानीय लोगों को जोड़ जागरूकता की दृष्टि से कुछ सांकेतिक पौधे लगाएंगे। पौधों को सहेजने के लिए उन्होंने बताया कि, विभागीय पौधों के लिए प्रॉपर प्रोजेक्ट होता हैं। चाहे फेंसिंग हो या चौकीदार हो। इसके अलावा बाकी अन्य जगहों में जहां बाउंड्री की और पानी की व्यवस्था है, वहां पौधे रोपे जाएंगे। समय-समय पर प्लांटेशन को रिव्यू करते रहेंगे।
प्रभारी मंत्री के आगमन को लेकर उत्साह
20 जुलाई को बालोद जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के दौरे को लेकर जिलेवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। खासतौर पर भाजपा संगठन में विजय शर्मा के आगमन एवं स्वागत की तैयारी ज़ोरो-शोरो से जारी है। बालोद अपने नेता के आगमन पर पलके बिछाए बैठा हुआ है। मिली जानकारी अनुसार, 20 जुलाई को प्रभारी मंत्री विजय शर्मा जिले में करीबन साढ़े 3 घंटे से अधिक समय तक मौजूद रहेंगे। इस दौरान वे डौंडीलोहारा के जामडी पाटेश्वर धाम पहुंच कर निर्माणाधीन कौशल्या धाम मंदिर का दर्शन करेंगे। जिसके बाद जिला स्तरीय आयोजित सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम में शरीक होंगे और एक पेड़ माँ के नाम पर वृक्षारोपण का शुभारंभ करेंगे। जिसके पश्चात सहकार भारती की बैठक में शामिल होकर, जिला भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे।
इन जगहों पर पौधे रोपित किए जाएंगे
बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि, इस वृक्षारोपण अभियान में हमने लोगो को जोड़ा है, और हमनें वृक्षारोपण के लिए ऐसे जगह का चयन किया है, जहां फेंसिंग है, बाउंड्रीवाल है, और पानी की भी सुविधा है। आंगनबाड़ी, स्कूल और ग्राम पंचायत स्तर पर भी पौधे रोपित किए जाएंगे। पौधों को सहेजने सबकी जवाबदेही तय की गई हैं। जियो टैग कर रहे है। जियो टैग करने से हमारे पास रियल टाइम डेटा उपलब्ध रहेगा। उनकी हम लगातार ट्रेकिंग कर सकेंगे।