भोंगापाल मोबाइल टावर से 72 बैटरियों की चोरी का खुलासा: इंजीनियर निकला मास्टरमाइंड, अंतरराज्यीय गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की गिरफ्त में चार आरोपी
कुलजोत संधू- फरसगांव। छत्तीसगढ़ के फरसगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मोबाइल टावरों को निशाना बनाकर लाखों की चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि, इस पूरी चोरी की साजिश का मास्टरमाइंड खुद टावर का इंजीनियर निकला। जिसने अंदरूनी जानकारी का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिलाया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला उरन्दाबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत भोंगापाल मोबाइल टावर से जुड़ा है, जहां से चोरों ने टावर में लगे 72 नग बैटरियों की चोरी की थी। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर जांच तेज की और आखिरकार पूरे गिरोह तक पहुंचने में सफलता पाई।
फरसगांव के उरन्दाबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित भोंगापाल मोबाइल टावर से 72 बैटरियों की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। @KondagaonDist #Chhattisgarh pic.twitter.com/ujZq1HDcT4
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 4, 2026
आरोपियों के कब्जे से 13 लाख 22 हजार रुपये का सामान बरामद
पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपियों के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 13 लाख 22 हजार रुपये की चोरी की सामग्री बरामद की गई है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने इससे पहले और किन-किन जगहों पर ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है।
