yash dayal: 'यश दयाल के कई लड़कियों से अफेयर...' पीड़िता बोली- पैसे के दम पर दबाने की कोशिश, पुलिस ने क्रिकेटर को नोटिस भेजा

यश दयाल से महिला के यौन उत्पीड़न मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस पूछताछ कर सकती।
yash dayal women exploitation case: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तेज गेंदबाज़ यश दयाल पर एक गंभीर आरोप लगा है। गाज़ियाबाद की एक महिला ने यश पर शादी का वादा कर मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक शोषण करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
महिला ने उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री ऑनलाइन शिकायत पोर्टल (IGRS) पर यह मामला उठाया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने आरोप लगाया कि यश दयाल ने पांच साल तक रिश्ते में रखकर धोखा दिया और इस दौरान कई अन्य लड़कियों से भी संपर्क में रहे।
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों की पहली मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई, फिर प्रयागराज में मिलना हुआ। महिला का दावा है कि वो यश के घर पर भी रही हैं और उनका परिवार से अच्छा संबंध था, लेकिन यश के पिता ने इस दावे से इनकार किया है।
महिला ने यह भी कहा कि वह 2022 के IPL फाइनल के दौरान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में यश के परिवार के साथ मौजूद थीं, और 2025 में एक RCB खिलाड़ी की शादी में भी दोनों साथ गए थे, जहां सगाई की बात हुई थी। जून 2022 में यश की बहन और एक दोस्त के साथ ऊटी ट्रिप पर भी गए थे, और दोनों ने उस यात्रा की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा की थीं।
महिला का दावा है कि 17 अप्रैल को एक अन्य लड़की ने उससे संपर्क कर यश के साथ अपने रिश्ते के सबूत दिए। इसके बाद तीन और लड़कियों ने भी सामने आकर यश पर ऐसे ही आरोप लगाए।
महिला ने यह भी बताया कि यश सभी लड़कियों के फोन में एक ही ऐप का इस्तेमाल कर घर के सामान मंगवाते थे। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि यश ने 7 जून को लखनऊ के एक होटल में आपत्तिजनक सामान ऑर्डर किया। गाज़ियाबाद पुलिस ने पुष्टि की है कि यश दयाल को नोटिस भेजा गया है और उनसे जल्द ही बयान लिया जाएगा।
महिला का कहना है, 'पावर, पैसा और शोहरत से इस मामले को दबाने की कोशिश हो रही है, लेकिन मुझे कानून पर पूरा भरोसा है।' उन्होंने आगे कहा, 'मैंने भरोसा किया, लेकिन जब उनके परिवार ने मेरे बारे में गलत बोलना शुरू किया, तो मुझे कानूनी कदम उठाना पड़ा।'