Today's Breaking News 30 june: तेलंगाना के भाजपा विधायक टी. राजा सिंह का इस्तीफा, शिमला में 5 मंजिला बिल्डिंग ढही, एस जयशंकर अमेरिका पहुंचेंगे

Today's Breaking News 30 june: भारत के ज्यादातर राज्यों में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने सोमवार को हिमाचल, पंजाब, चंडीगढ़, मध्यप्रदेश, बिहार, दिल्ली सहित 27 से ज्यादा प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एम्स गोरखपुर के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। कैलाश मानसरोवर यात्रा की शुरुआत हो सकती है। साल 2020 से यात्रा बंद थी। श्रद्धालुओं की संख्या घटाकर 750 कर दी गई है। हिमाचल के धर्मशाला पहली बार राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र-॥ के वार्षिक सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। सम्मेलन 30 जून और 1 जुलाई को होगा। सम्मेलन में 8 राज्यों के स्पीकर समेत 178 प्रतिनिधि पहुंचे हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला उद्घाटन करेंगे। इसी तरह देश-दुनिया की सोमवार (30 जून) की ताजा खबरों के लिए हमारे लाइव ब्लॉग पर विजिट करें। यहां आपको संक्षेप में लेटेस्ट ब्रेकिंग न्यूज़ मिलेंगी।
Today's Breaking News 30 June 2025: पढ़ें लाइव अपडेट्स-
Live Updates
- 30 Jun 2025 4:24 PM IST
तेलंगाना बीजेपी विधायक टी राजा सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दिया
तेलंगाना से बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय जनता पार्टी (bjp) के विधायक टी राजा सिंह ने सोमवार, 30 जून को पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे की इस घोषणा से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी को भेजा है। राजा सिंह तेलंगाना के गोशामहल विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और वे अपने हिंदुत्व समर्थक रुख के लिए अक्सर सुर्खियों में रहते आए हैं। माना जा रहा है कि उन्होंने यह कदम राजनीतिक मतभेद और टिकट को लेकर असंतोष के चलते उठाया है।
- 30 Jun 2025 3:59 PM IST
शिमला में 5 मंजिला बिल्डिंग ढही, रहवासियों में दहशत
हिमाचल प्रदेश: शिमला के निकट भटाकुफर इलाके में आज सुबह एक पांच मंजिला आवासीय इमारत ढह गई, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर स्थानीय अधिकारियों ने आसपास की पांच इमारतों को खाली करा दिया है, जिन्हें इसी तरह की संरचनात्मक विफलता के लिए संवेदनशील माना जा रहा है।
- 30 Jun 2025 11:34 AM IST
RSS महासचिव होसबाले के खिलाफ यूथ कांग्रेस की शिकायत
यूथ कांग्रेस ने बेंगलुरु में RSS के महासचिव दत्तात्रेय होसबाले के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया है कि होसबाले ने प्रस्तावना में सोशलिस्ट और सेक्युलर शब्द को हटाने की बात कही है। युवा कांग्रेस लीगल सेल के चेयरमैन श्रीधर, को-चेयरमैन समृद्ध हेगड़े ने आरोप लगाया यह सिर्फ एक वैचारिक टिप्पणी नहीं है, बल्कि यह संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का प्रयास है। श्रीधर ने पत्र में लिखा कि इस तरह के सार्वजनिक बयान लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचाते हैं और इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए। - 30 Jun 2025 10:03 AM IST
नेपाल में भूकंप के झटके, तीव्रता 3.9, कोई नुकसान नहीं
30 जून 2025 की सुबह नेपाल में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.9 दर्ज की गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप सुबह 8:24 बजे आया, जिसका केंद्र जमीन से 14 किलोमीटर गहराई पर था। घबराहट में लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
एक दिन पहले 29 जून को भी दोपहर 2:19 बजे 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था। नेपाल यूरेशियन और भारतीय टेक्टोनिक प्लेटों के बीच स्थित है, जिससे यह क्षेत्र भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील बना रहता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, हिमालय क्षेत्र में प्लेटों की टक्कर से उत्पन्न तनाव ही लगातार भूकंप का कारण बनता है। 2015 का गोरखा भूकंप इसका बड़ा उदाहरण है, जिसमें 8 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई थी।
- 30 Jun 2025 9:44 AM IST
एस जयशंकर आज पहुंचेंगे अमेरिका
विदेश मंत्री एस जयशंकर सोमवार को क्वाड समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए तीन दिवसीय यात्रा पर अमेरिका पहुचेंगे। अमेरिका यात्रा के दौरान विदेशमंत्री स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत के लिए एक साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के नए प्रस्तावों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। विदेश मंत्रालय ने रविवार को बताया कि जयशंकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के आमंत्रण पर 30 जून से दो जुलाई तक अमेरिका की यात्रा पर रहेंगे। - 30 Jun 2025 7:13 AM IST
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज गोरखपुर आएंगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति पहले बरेली और फिर गोरखपुर के कार्यक्रमों में शामिल होंगी। अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों जगह उनका स्वागत करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोपहर में गोरखपुर पहुंचेंगीं। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) गोरखपुर के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होकर मेधावी छात्रों को पदक प्रदान करेंगी। मंगलवार एक जुलाई की शाम दिल्ली लौटेंगी। - 30 Jun 2025 7:10 AM IST
आज इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
भारत में मानसून सक्रिय है। ज्यादातर राज्यों में तेज बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र , जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, गुजरात, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, नगालैंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और पुडुचेरी में बारिश का अलर्ट जारी किया है। - 30 Jun 2025 7:06 AM IST
धर्मशाला में आज से राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन
हिमाचल के धर्मशाला में पहली बार राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र-॥ के वार्षिक सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। सम्मेलन का शुभारंभ 30 जून को सुबह 10 बजे होगा। उद्घाटन सत्र में लोकसभा अध्यक्ष और सीपीए भारत क्षेत्र के चेयरमैन ओम बिरला विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी इस अवसर पर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। 30 जून और 1 जुलाई को होने वाले सम्मेलन में 178 प्रतिनिधि भाग लेंगे।