मिशन बंगाल का शंखनाद: PM मोदी ने बिहार विजय के बाद ममता को दी सीधी चुनौती, बोले- 'जंगल राज' उखाड़ फेंकेंगे

बिहार में जीत के बाद,भाजपा पूरी शक्ति के साथ पश्चिम बंगाल में 'महिला+युवा' के फॉर्मूले पर काम करेगी।
नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में NDA को मिली प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने विजय उद्बोधन में प्रधानमंत्री ने बिहार की जनता का आभार व्यक्त करने के साथ-साथ विपक्ष पर तीखा हमला बोला और स्पष्ट रूप से भाजपा के अगले चुनावी एजेंडे पश्चिम बंगाल का ऐलान किया।
बिहार का जनादेश - पीएम ने 'MY' (महिला-युवा) शक्ति से तोड़ा तुष्टीकरण का गणित
प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के जनादेश को 'ऐतिहासिक और अभूतपूर्व' करार दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल वोटों की जीत नहीं, बल्कि सुशासन, विकास, जनकल्याण और सामाजिक न्याय की जीत है। उन्होंने बिहार की महान धरती को नमन करते हुए कहा कि राज्य ने एक बार फिर यह सुनिश्चित किया है कि यहां 'जंगल राज' की वापसी कभी नहीं होगी।
मोदी ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि कुछ दलों ने तुष्टीकरण वाला पुराना 'एम-वाई' (MY) फॉर्मूला बनाया था, लेकिन बिहार की जनता ने इसे पूरी तरह से नकार दिया। उन्होंने 'एम-वाई' को एक नया, सकारात्मक अर्थ दिया, जिसका मतलब है 'महिला और युवा'।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हर धर्म और हर जाति के युवाओं की आकांक्षाओं और महिलाओं के भारी समर्थन ने पुराने सांप्रदायिक फॉर्मूले को ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने विपक्ष पर छठ पूजा जैसी बिहार की गौरवशाली परंपराओं का अपमान करने का भी आरोप लगाया।
पश्चिम बंगाल भाजपा का अगला लक्ष्य- 'दीदी' के गढ़ से 'जंगल राज' खत्म करने का वादा
बिहार की जीत को प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की विजय का 'मार्ग प्रशस्त करने वाला' बताया। उन्होंने कहा कि "गंगा बिहार से बहते हुए बंगाल तक पहुचती है। बिहार ने बंगाल में भी भाजपा की जीत का रास्ता बना दिया है।" यह बयान सीधे तौर पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस सरकार को एक स्पष्ट चुनौती थी।
उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता को संदेश देते हुए कहा कि बिहार के साथ-साथ अब भाजपा उनके समर्थन से बंगाल से भी 'जंगल राज' को उखाड़ फेंकेगी। भाजपा लंबे समय से बंगाल की टीएमसी सरकार पर कथित राजनीतिक हिंसा, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर हमला करती रही है, जिसे प्रधानमंत्री ने अब 'जंगल राज' का नाम दिया है।
2026 में होने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का केंद्रीय एजेंडा 'जंगल राज' की समाप्ति और 'विकास' की वापसी पर केंद्रित रहेगा, ठीक वैसे ही जैसे बिहार में 'जंगल राज' की वापसी को रोकने पर जोर दिया गया।
आत्मनिर्भर बिहार के लिए संकल्प - 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा
प्रधानमंत्री ने बिहार के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि यह जीत बिहार की 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में केंद्र और राज्य का गठबंधन बिहार के विकास, यहा के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और राज्य की संस्कृति को नई पहचान दिलाने के लिए 'बढ़-चढ़कर' काम करेगा।
उन्होंने युवाओं को राज्य के भीतर ही रोज़गार के अवसर उपलब्ध कराने और उद्योगपतियों से बिहार में निवेश करने का आह्वान किया।
इससे यह स्पष्ट हो गया है कि बिहार में जीत के बाद, भाजपा की पूरी शक्ति पश्चिम बंगाल पर केंद्रित होंगे, जहा 'जंगल राज' को समाप्त करना और 'महिला तथा युवा' के दम पर जीत हासिल करना पार्टी का मुख्य चुनावी एजेंडा है।
