MP में मौसम बदला: दिल्ली-UP और छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान से 11 की मौत; जानें आज कहां-कहां हुई बारिश

Aaj Ka Mausam: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में मौसम बदला हुआ है। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार (2 मई 2025) सुबह से आंधी बारिश का सिलसिला जारी है। यूपी और छत्तीसगढ़ में भी मौसम खराब है। आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली के चलते गुरुवार रात से अब तक दिल्ली यूपी में 4-4 और छत्तीसगढ़ में 2 लोगों की मौत हो चुकी है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार (2 मई 2025) को मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तराखंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और नगालैंड में ओलवृष्टि की चेतावनी जारी की है। वहीं हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब धूल भरी आंधी का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में आंधी-बारिश, मां-बेटे समेत 4 की मौत
दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी और बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त है। गुरुवार रात से ही यहां तेज आंधी के साथ जोरदार पानी गिर रहा है। सुबह 5 बजे तेज हवाओं के चलते कई जगह पेड़ की टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गईं। द्वारका स्थित खारखड़ी नहर गांव में नीम का पेड़ गिरने से महिला और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि पति घायल है। दिल्ली के कुछ इलाकों में जलभराव से भी लोग परेशान हुए। खराब मौसम के चलते दिल्ली एयरपोर्ट की 100 से ज्यादा फ्लाइट्स प्रभावित हुईं। 3 उड़ान डायवर्ट करनी पड़ी हैं।
यह भी पढ़ें: भारी बारिश-आंधी के बीच दिल्ली-एनसीआर वासियों को मौसम विभाग की सलाह, बरतें ये सावधानियां
यूपी में 15 जिलों में तेज आंधी
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, सहारनपुर, संभल और बुलंदशहर समेत 15 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। मथुरा में इतना पानी गिरा कि सड़कें पानी से लबालब भर गईं। निचले इलाकों में घर और दुकानों के अंदर तक पानी भर गया था। मौसम विभाग ने कौशांबी, फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है। वाराणसी, आजमगढ़, लखनऊ और गाजियाबाद में भी बारिश की संभावना है।
मध्यप्रदेश के 25 जिलों में मौसम बदला
मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्से में पिछले 6 दिन से मौसम खराब है। रीवा, जबलपुर और शहडोल संभाग के कई जिलों में बारिश हुई है। गुरुवार को जबलपुर संभाग के डिंडोरी और कटनी जिले में तेज बारिश हुई। हालांकि, राजधानी भोपाल और इंदौर सहित अन्य जिलों में तेज धूप बनी हुई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 25 से ज्यादा जिलों में आंधी, बारिश की संभावना जताई है।
छत्तीसगढ़ के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित कुछ जिलों में गुरुवार शाम तेज आंधी चली। रायपुर में 70 से 74 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना है। शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है।
राजस्थान के 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
राजस्थान के जयपुर और जैसलमेर सहित कुछ जिलों में गुरुवार को तेज आंधी के साथ बारिश हुई थी। भीलवाड़ा और पाली में भी कुछ जगह पानी गिरा है। कुछ जगह ओलावृष्टि भी हुई है। मौसम विभाग ने राजस्थान के 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। जोधपुर और चित्तौड़गढ़ में बादल छाए हुए हैं। लिहाजा, लोग भीषण गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं।
हरियाणा के 19 जिलों में तेज बारिश, फरीदाबाद में कार डूबी
हरियाणा के हिसार रेवाड़ी सहित 19 जिलों में बारिश हुई है। गुरुग्राम में तेज आंधी के चलते पेड़ टूटकर गाड़ियों पर जा गिरे। जबकि, फरीदाबाद स्थित NHPC अंडरपास में कार डूब गई। सिरसा, पानीपत, सोनीपत फतेहाबाद, भिवानी, अंबाला, पंचकूला, झज्जर, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़, पलवल, करनाल, नूंह और कुरुक्षेत्र में भी बारिश का दौर जारी रहा। कुछ जगह ओले भी गिरे हैं।
पंजाब में अगले 4 दिन आंधी-तूफान का अलर्ट
पंजाब के पठानकोट, अमृतसर और गुरदासपुर में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले चार दिन पंजाब के विभिन्न जिलों में आंधी तूफान का अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ केंद्र के मुताबिक, 5 मई 2025 तक यहां 40–60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।