IndiGo flight Crisis Day-5: सरकार का इंडिगो को निर्देश- यात्रियों को कल तक रिफंड दें और 48 घंटे में सामान लौटाएं; हवाई किराया भी फिक्स

पिछले 4 दिन में देशभर में 2000 से ज्यादा IndiGo फ्लाइट्स रद्द हुईं। किराए में उछाल पर सरकार की सख्ती।
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो के ऑपरेशन में शनिवार को भी सुधार नजर नहीं आया। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, देश के चार बड़े एयरपोर्ट समेत कई शहरों से 400 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द की जा चुकी हैं।
इससे पहले दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई एयरपोर्ट पर यात्रियों को रातभर परेशान होना पड़ा। पिछले चार दिनों में रद्द उड़ानों का आंकड़ा 2,000 के पार पहुंच गया है। प्रतिदिन करीब 500 फ्लाइट्स लेट हो रही हैं।
सरकार ने किराया बढ़ने पर लगाई लिमिट

इंडिगो संकट के बीच केंद्र सरकार ने हवाई किराए में अचानक बढ़ोतरी को देखते हुए किराया सीमा लागू कर दी है। सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी एयरलाइंस तय सीमा का सख्ती से पालन करें और हालात सामान्य होने तक यह लिमिट लागू रहेगी।
सिविल एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू ने कहा कि नए एफडीटीएल (FDTL) नियम 1 नवंबर से लागू हैं, लेकिन अन्य एयरलाइनों को समस्या नहीं हुई है, जिससे साफ है कि लापरवाही इंडिगो की है। मंत्रालय ने कहा कि इस मामले की जांच कर कार्रवाई तय की जाएगी।
सरकार का इंडिगो को पेंडिंग रिफंड पूरा करने का आदेश
सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने इंडिगो को सभी पेंडिंग पैसेंजर रिफंड बिना देर किए क्लियर करने का निर्देश दिया है। मिनिस्ट्री ने आदेश दिया है कि सभी कैंसिल या रुकी हुई फ्लाइट्स के लिए रिफंड प्रोसेस रविवार, 7 दिसंबर 2025 को रात 8:00 बजे तक पूरी हो जानी चाहिए।

एयरलाइंस को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे उन पैसेंजर्स से कोई रीशेड्यूलिंग चार्ज न लें जिनके ट्रैवल प्लान कैंसिलेशन से प्रभावित हुए हैं। मिनिस्ट्री ने साफ किया है कि रिफंड प्रोसेसिंग में किसी भी तरह की देरी या नियमों का पालन न करने पर तुरंत रेगुलेटरी एक्शन लिया जाएगा।
कौन-से नियम बने संकट की वजह?
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने 1 नवंबर से पायलट और क्रू की फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) में बदलाव किए। इसके तहत पायलटों को अधिक आराम देने पर जोर दिया गया था, जबकि सुरक्षा बढ़ाने के लिए सख्त समयसीमा तय कर दी गई थी। ये नियम चरणों में लागू किए गए। पहला 1 जुलाई और दूसरा 1 नवंबर से लागू हुआ।
नए नियम लागू होने के बाद इंडिगो में पायलट और क्रू की कमी हो गई। DGCA ने 10 फरवरी 2026 तक इंडिगो को वीकली रेस्ट में राहत देते हुए पुराने फैसले को अस्थायी रूप से वापस ले लिया है।
किराए में भारी उछाल
इंडिगो की बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने से कई रूट्स पर किराए अचानक बढ़ गए।
- दिल्ली-मुंबई: 60,000 रुपए (एयर इंडिया)
- चेन्नई-दिल्ली: 41,000 रुपए (इंडिया एक्सप्रेस)
- स्पाइसजेट: 69,000 रुपए तक
यात्रियों को दूसरे टिकट बुक करने पड़ रहे हैं, जिससे लास्ट मिनट किराया तेजी से बढ़ा है।
सरकार की चेतावनी
सरकार ने कहा कि कुछ एयरलाइंस हाई फेयर वसूल रही हैं, जो चिंता का विषय है। इसलिए किराए की रियल टाइम मॉनिटरिंग के साथ ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म्स पर भी नजर रखी जा रही है। यदि तय सीमा से अधिक वसूली की गई, तो इस पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरकार का मकसद अवसरवादी प्राइसिंग को रोकना है और वरिष्ठ नागरिकों, छात्रों व मरीजों को राहत देना है ताकि उन्हें आर्थिक बोझ न झेलना पड़े।
Live Updates
- 6 Dec 2025 5:57 PM
IndiGo Crisis Day 5 Live Update: इंडिगो का प्रेस नोट: उड़ानें सामान्य करने की कोशिश
इंडिगो अपने पूरे नेटवर्क में परिचालन को सामान्य करने के लिए दिन-रात जुटी हुई है। हमारी टीमें फ्लाइट शेड्यूल को स्थिर करने, देरी को न्यूनतम करने और इस कठिन समय में यात्रियों को अधिकतम सहायता प्रदान करने पर पूरी तरह केंद्रित हैं।
आज रद्द हुई उड़ानों की संख्या 850 से कम रह गई है, जो कल की तुलना में काफी राहत भरी स्थिति है। आने वाले कुछ दिनों में हम इन रद्दीकरणों को और धीरे-धीरे शून्य के करीब लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
IndiGo is working determinedly to bring its operations back on track across the network. Our teams are focused on stabilising schedules, reducing delays, and supporting customers through this period. Today the number of cancellations has dropped below 850 flights, much lower… pic.twitter.com/YAkbNXX8mh
— ANI (@ANI) December 6, 2025 - 6 Dec 2025 5:11 PM
IndiGo Flight Crisis Day 5 Live Update: सरकार ने फिक्स की हवाई किराए की लिमिट
इंडिगो के संकट के बाद कुछ एयरलाइंस द्वारा किराए में 8-10 गुना तक की भारी बढ़ोतरी के बीच सरकार ने तुरंत हस्तक्षेप किया है। अब घरेलू उड़ानों के लिए दूरी के आधार पर अधिकतम किराया तय किया गया है।
- 500 किमी तक: ₹7,500
- 501-1000 किमी: ₹12,000
- 1001-1500 किमी: ₹15,000
- 1500 किमी से अधिक: ₹18,000
इस कदम से यात्रियों को मनमाना किराया वसूले जाने से राहत मिलेगी और हवाई यात्रा फिर से किफायती बनी रहेगी। पढ़िए पूरी खबर...

- 6 Dec 2025 4:29 PM
IndiGo Flight Crisis Day 5 Live Update: DGCA और एयरलाइन पर CBI जांच की मांग
मुंबई: देशभर में इंडिगो की उड़ानें रद्द होने के मामले पर इंडियन एसोसिएशन काउंसिल ऑफ एविएशन के अध्यक्ष नितिन जाधव ने कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, “इस पूरे संकट के लिए पूरी तरह इंडिगो का प्रबंधन जिम्मेदार है, पायलटों का इसमें कोई दोष नहीं है। DGCA ने भी इंडिगो का खुलकर पक्ष लिया है। मैं इंडिगो और DGCA दोनों की CBI से जांच कराने की मांग करता हूं। इसके पीछे कोई गहरा छिपा हुआ एजेंडा चल रहा है। DGCA अपना दायित्व ठीक से निभा नहीं रहा है।”
- 6 Dec 2025 4:24 PM
IndiGo Flight Crisis Day 5 Live Update: मुंबई एयरपोर्ट पर एयरलाइन कर्मचारियों और यात्रियों में तीखी बहस
महाराष्ट्र | मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को इंडिगो के यात्रियों ने गुस्से में अपना आपा खो दिया और टिकट काउंटर पर एयरलाइन कर्मचारियों से तीखी बहस करने लगे। यह हंगामा देशभर में इंडिगो की उड़ानों में हो रही लगातार देरी और फ्लाइट्स कैंसिल होने के चलते हो रहा है।
- 6 Dec 2025 4:17 PM
IndiGo Flight Crisis Day 5 Live Update: दिग्विजय सिंह बोले- इंडिगो संकट पर सरकार चुप क्यों?
भोपाल (मध्य प्रदेश): कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, “यह अत्यंत चिंताजनक स्थिति है। इंडिगो पहले एक बेहद भरोसेमंद एयरलाइन मानी जाती थी, लेकिन अचानक यह क्या हो गया? न तो सरकार की ओर से कोई स्पष्ट जवाब आया और न ही इंडिगो प्रबंधन ने कोई सफाई दी है। निजी कंपनियों में जो जवाबदेही होनी चाहिए, वह कहीं नजर नहीं आ रही। इस मामले का जल्द से जल्द समाधान निकाला जाना चाहिए।”
- 6 Dec 2025 4:11 PM
IndiGo Flight Crisis Day 5 Live Update: रिफंड पर इंडिगो का आधिकारिक ट्वीट
हाल में हुई घटनाओं के मद्देनजर, सभी कैंसिल हुई बुकिंग्स के रिफंड अपने आप आपके मूल पेमेंट मोड में प्रोसेस कर दिए जाएंगे।
5 दिसंबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 के बीच यात्रा करने वाली सभी बुकिंग्स पर हम कैंसलेशन या डेट चेंज के लिए पूरा छूट शुल्क माफ कर रहे हैं।

