Aaj Ka Mausam: उत्तराखंड-झारखंड में रेड अलर्ट; दिल्ली से MP तक भारी बारिश; आपके प्रदेश में कैसा है मौसम? जानिए..

Aaj Ka Mausam: देश (India) में झमाझम पानी बरस रहा है। कई प्रदेशों में बारिश कहर बन गई। नदी-नाले उफान पर। बाढ़ जैसे हालात। चारों तरफ पानी...पानी। सड़कों से घरों तक जलभराव। गृहस्थी खाक। जनजीवन अस्त-व्यस्त। मौत से हाहाकार है। आज का मौसम (सोमवार, 30 जून ) को कैसा रहेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड और झारखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश-राजस्थान समेत 12 राज्यों में तेज बारिश हो सकती है। असम, मणिपुर सहित 17 राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट है।
#WATCH चंबा, उत्तराखंड: चंबा के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। pic.twitter.com/bGH7sg3Odi
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 30, 2025
जानिए आज किस राज्य में कितनी बारिश
भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार (30 जून) को उत्तराखंड और झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र में तेज बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, गुजरात, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, नगालैंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और पुडुचेरी में बारिश का यलो अलर्ट है।
हिमाचल में भारी से भारी बारिश
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। मंडी में व्यास नदी उफान पर है। निचले इलाकों में पानी भरा है। मौसम विभाग ने सोमवार को भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगडा, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिला में बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। चंबा और कुल्लू जिला में भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का रेड अलर्ट दिया गया है। सोमवार को हिमाचल प्रदेश के 4 जिलों में स्कूल बंद हैं। इन जिलों में भारी बारिश के बाद फ्लैश-फ्लड, वाटर लॉगिंग और लैंडस्लाइड की घटनाएं हो सकती हैं।
#WATCH | मंडी, हिमाचल प्रदेश: भारी बारिश के बावजूद ब्यास नदी का प्रवाह सामान्य दर्ज किया गया है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 30, 2025
हिमाचल प्रदेश मौसम विभाग द्वारा 30 जून यानी आज भारी बारिश को लेकर कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है, जिसके मद्देनजर मंडी जिले के सभी स्कूल व अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रखने के आदेश… pic.twitter.com/IkQNAZtfRA
उत्तराखंड में भारी बारिश
उत्तराखंड में आसमान से आफत बरस रही है। तेज बारिश ने तबाही मचा दी। उत्तरकाशी में बादल फटने से 2 लोगों की मौत हुई। तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के चलते चारधाम यात्रा एक दिन के लिए रोकी गई। देहरादून में भारी बारिश के कारण एक मकान ढह गया।
झारखंड का मौसम
झारखंड के रांची समेत नौ जिले में जोरदार बारिश होने का अलर्ट है। गरज के साथ वज्रपात भी हो सकता है। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पांच जुलाई तक राज्य में भारी बारिश हो सकती है। 30 जून को राज्य के दक्षिण-पश्चिम एवं निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। रेड अलर्ट जारी किया गया है। एक जुलाई को उत्तर-पश्चिमी एवं निकटवर्ती उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।
बिहार में बारिश का अलर्ट
बिहार के 38 जिलों में सोमवार को बारिश का अलर्ट है। 19 जिलों में ऑरेंज तो बाकी 19 में यलो अलर्ट है। विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
यूपी का मौसम
यूपी में मानसून सक्रिय है। सोमवार को भी पूरे यूपी में बारिश का अलर्ट है। 35 जिलों में भारी, जबकि 40 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है। जबकि पिछले 24 घंटे में बाढ़ और बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई है।
छत्तीसगढ़ का मौसम
छत्तीसगढ़ में 135.4 मिमी बारिश हो चुकी है। प्रदेश के सभी संभागों में सोमवार 30 जून से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। सभी जिलों में समान रूप से अच्छी वर्षा होगी। मौसम विभाग ने 13 जिलों में भारी से अतिभारी बारिश होने की चेतावनी दी है। इसके अलावा राज्य के शेष हिस्सों में भी तेज वर्षा होगी।
एमपी का मौसम
मध्यप्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, रायसेन, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, मंडला और बालाघाट, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में बारिश का अलर्ट
राजस्थान के 27 जिलों में सोमवार को बारिश की चेतावनी (येलो अलर्ट) जारी की गई है। तेज बारिश के कारण पाली में कई जगह बरसाती नदियां उफान मारने लगी। अलवर के बानसूर, बहरोड़, नीमराणा समेत कई इलाकों में सड़कों पर एक से डेढ़ फीट तक पानी भर गया।