देहरादून में बड़ा हादसा: खाई में गिरी हिमाचल रोडवेज बस, 3 यात्रियों की मौत; 15 से ज्यादा घायल

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश के चौपाल-नेरवा से पांवटा साहिब जा रही हिमाचल रोडवेज परिवहन निगम (HRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, यह बस सुबह करीब 6:30 बजे चौपाल डिपो से रवाना होकर नेरवा होते हुए मीनस–क्वानू–हरिपुर मार्ग से पांवटा की ओर जा रही थी। बस में हादसे के समय 30 से ज्यादा यात्री सवार थे।
हादसा सुबह लगभग 10 बजे मीनस-क्वानू-हरिपुर मार्ग पर सुदोई खड्ड के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे एक ट्रक को साइड देने के दौरान सड़क का पुश्ता अचानक धंस गया, जिससे बस संतुलन खो बैठी और कई पलटियां खाते हुए सीधे खाई में गिरकर खड्ड में जा समाई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं इस दुर्घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
