Washing Machine Tips: वॉशिंग मशीन से कपड़े हो रहे हैं खराब? जानिए 5 गलतियां और बचाव के आसान तरीके

Washing Machine Tips: कपड़े नए जैसे चमकते रहें, यह हर किसी की चाहत होती है। लेकिन अक्सर ऐसा होता है कि कुछ ही वॉश के बाद हमारे फेवरेट कपड़ों का रंग फीका पड़ जाता है, फैब्रिक ढीला हो जाता है या सिकुड़ जाता है। इसकी वजह वॉशिंग मशीन नहीं, बल्कि हमारी अपनी की हुई कुछ आम गलतियां होती हैं।
आइए जानते हैं ऐसी 5 गलतियों के बारे में जो कपड़ों की उम्र कम कर देती हैं और इनसे बचाव के आसान उपाय भी।
1. सभी रंग के कपड़ों को एक साथ धोना सबसे आम और बड़ी गलती है। इससे रंग एक-दूसरे में घुलते हैं और कपड़ों की असली चमक चली जाती है। इसके लिए धोने से पहले कपड़ों को रंग, फैब्रिक और गंदगी के स्तर के हिसाब से अलग करें। सफेद कपड़े हमेशा अलग धोएं।
2. अधिकतर लोग सोचते हैं कि ज़्यादा झाग यानी ज़्यादा सफाई। जबकि यह सच नहीं है। अतिरिक्त डिटर्जेंट कपड़ों के रेशों में फंस जाता है, जिससे कपड़े कठोर और रंगहीन हो जाते हैं। इसलिए डिटर्जेंट हमेशा निर्देशानुसार मात्रा में ही डालें। अगर कपड़े कम गंदे हैं, तो माइल्ड या लिक्विड डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें।
3. अक्सर हम समय बचाने के लिए मशीन को पूरा भर देते हैं, जिससे न सिर्फ कपड़े सही से साफ नहीं होते बल्कि उनकी सिलाई और फैब्रिक पर भी दबाव पड़ता है। इसके लिए हर मशीन की लोड कैपेसिटी होती है, तो उसे फॉलो करें। कपड़ों को मशीन में डालते वक्त थोड़ी जगह छोड़ना बेहतर सफाई में मदद करता है।
4. सभी फैब्रिक गर्म पानी से नहीं धोए जा सकते। यह उनके रेशों को कमजोर कर देता है, जिससे कपड़े सिकुड़ सकते हैं या रंग उड़ सकता है। केवल टॉवेल्स, बेडशीट्स और जिद्दी दाग वाले कपड़ों के लिए ही गर्म पानी चुनें। बाकी के लिए ठंडा या गुनगुना पानी पर्याप्त होता है।
5. हर फैब्रिक के लिए अलग वॉश मोड होता है जैसे कॉटन, वूल, डेलिकेट। लेकिन हम अक्सर सिर्फ 'नॉर्मल' मोड में ही सारे कपड़े डाल देते हैं। इसलिए अपने कपड़ों के टैग पढ़ें और वॉशिंग मशीन में फैब्रिक के हिसाब से मोड सिलेक्ट करें। इससे कपड़े लंबे समय तक नए जैसे बने रहेंगे।
जरूरी टिप्स
- वॉशिंग मशीन की सफाई हर 15-20 दिन में करें।
- कपड़ों को धूप में ज़्यादा देर तक न सुखाएं, इससे उनका रंग उड़ता है।
- ज़िप और बटन लगे कपड़ों को अंदर बाहर करके धोएं।