Bihar ASI Vacancy 2026: बिहार पुलिस में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर ऑपरेटर भर्ती शुरू, जानें योग्यता

Bihar ASI Vacancy 2026
Bihar ASI Vacancy 2026: बिहार पुलिस में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बिहार पुलिस सब-ऑर्डिनेट सर्विसेज कमीशन (BPSSC) ने असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) ऑपरेटर पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। अधिसूचना के अनुसार, इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज यानी 4 फरवरी 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार BPSSC की आधिकारिक वेबसाइट bpssc.bihar.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 4 मार्च 2026 तय की गई है।
इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 462 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें अनारक्षित वर्ग के लिए 185 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 46, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) के लिए 83, पिछड़ा वर्ग (BC) के लिए 55, पिछड़ा वर्ग महिला के लिए 14, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 74 और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 5 पद आरक्षित किए गए हैं। चयनित उम्मीदवारों को लेवल-5 के तहत वेतन दिया जाएगा।
योग्यता की बात करें तो आवेदन करने वाले अभ्यर्थी ने 1 अगस्त 2025 तक किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से भौतिक विज्ञान विषय के साथ बीएससी (B.Sc) डिग्री कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की होनी चाहिए। वहीं एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम अंक 45 प्रतिशत निर्धारित किए गए हैं। उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष होनी चाहिए, जबकि अधिकतम आयु सीमा पुरुष उम्मीदवारों के लिए 37 वर्ष और महिला उम्मीदवारों के लिए 40 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट मिलेगी। आयु की गणना 1 अगस्त 2025 के आधार पर की जाएगी।
फिजिकल एलिजिबिलिटी भी इस भर्ती का अहम हिस्सा है। सामान्य और पिछड़ा वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 165 सेमी तथा सीना बिना फुलाए 81 सेमी और फुलाकर 86 सेमी होना चाहिए। अत्यंत पिछड़ा वर्ग, एससी और एसटी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 160 सेमी तथा सीना बिना फुलाए 79 सेमी और फुलाकर 84 सेमी निर्धारित है। महिला उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 155 सेमी और न्यूनतम वजन 48 किलोग्राम होना अनिवार्य है।
बीपीएसएससी एएसआई ऑपरेटर भर्ती 2026 के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। अन्य किसी भी तरीके से भेजे गए फॉर्म मान्य नहीं होंगे। आवेदन करते समय सभी वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये एप्लीकेशन फीस का भुगतान करना होगा, जिसे ऑनलाइन माध्यम से जमा किया जा सकेगा। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और शर्तों के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
