Konkona Sen Sharma: कोंकणा सेन शर्मा ने उठाए इंडस्ट्री पर सवाल, कहा- मां बनते ही करियर पर लग जाता है ब्रेक

कोंकणा सेन शर्मा ने उठाए इंडस्ट्री पर सवाल, कहा- मां बनते ही करियर पर लग जाता है ब्रेक
X
कोंकणा सेन शर्मा ने कहा कि कामकाजी माताओं को इंडस्ट्री में ‘मातृत्व दंड’ झेलना पड़ता है, जबकि पिताओं को तरक्की मिलती है। उन्होंने सरकार से कामकाजी महिलाओं के लिए नीतियों में बदलाव की मांग की।

Konkona Sen Sharma: अनुराग बसु की फिल्म ‘मेट्रो इन डिनो’ की रिलीज़ से पहले अभिनेत्री कोंकणा सेन शर्मा ने बॉलीवुड और कार्यस्थल पर मौजूद लैंगिक असमानताओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि एक मां और एक पेशेवर अभिनेत्री के रूप में उन्हें किस तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, और कैसे समाज अब भी मातृत्व को करियर में रुकावट की तरह देखता है।


एक मीडिया संस्थान के साथ बातचीत में कोंकणा ने कहा, "आज के समय में किसी भी इंडस्ट्री में मातृत्व दंड मौजूद है। इसे 'पितृत्व प्रीमियम' और 'मातृत्व दंड' के रूप में देखा जाता है। जब एक पुरुष पिता बनता है, तो उसे और ज्यादा वरिष्ठ समझा जाता है, उसकी कमाई बढ़ती है। लेकिन जब एक महिला मां बनती है, तो उसे करियर में पीछे धकेल दिया जाता है। उसे कई बार आर्थिक झटका भी झेलना पड़ता है, क्योंकि वह समाज की अपेक्षाओं और ऑफिस की मांगों के अनुसार खुद को पूरी तरह झोंक नहीं पाती।"

कोंकणा ने आगे कहा कि महिलाओं के लिए करियर और मातृत्व को संतुलित करना दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हालात नहीं बदले, तो महिलाएं मां बनने से कतराएंगी। "अब जो होने जा रहा है वह यह है कि महिलाएं बच्चों को जन्म देने से डरेंगी, क्योंकि उनके लिए काम और मातृत्व दोनों निभाना बहुत मुश्किल हो गया है," कोंकणा ने कहा।

आगे कोंकणा ने कहा कि अगर महिलाओं की भागीदारी को बरकरार रखना है, तो सरकार को कामकाजी माताओं के हित में पॉलिसी बदलाव करने होंगे। उन्होंने कहा, "अगर सरकारें इस दिशा में कदम नहीं उठाएंगी, तो चीजें नहीं बदलेंगी।

कोंकणा की पर्सनल लाइफ

कोंकणा सेन शर्मा ने साल 2010 में अभिनेता रणवीर शौरी से शादी की थी। इसके बाद दोनों साल 2015 में अलग हो गए और फिर 2020 में उनका तलाक हो गया। उनका एक बेटा है जिसका नाम हारून है।

‘मेट्रो इन डिनो’ में नजर आएंगी कोंकणा

कोंकणा सेन शर्मा अनुराग बसु की अपकमिंग फिल्म ‘मेट्रो इन डिनो’ में नजर आएंगी। यह फिल्म 4 जुलाई 2025 को रिलीज़ हो रही है। इस मल्टी-स्टारर फिल्म में आदित्य रॉय कपूर, सारा अली खान, अली फजल, फातिमा सना शेख, पंकज त्रिपाठी, नीना गुप्ता और अनुपम खेर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।




काजल सोम

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story