Birthday: माधुरी दीक्षित के इस डबल मीनिंग गाने के बिके 90 लाख कैसेट; झेला अश्लीलता फैलाने का आरोप

माधुरी दीक्षित
Madhuri Dixit Birthday: अभिनेत्री माधुरी दीक्षित किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। माधुरी फिल्म इंडस्ट्री का वो चेहरा हैं, जिनके अनगिनत दीवाने हैं। दिलकश अदाकार, बेहतरीन डांसर, सोशल वर्कर समेत अन्य खूबियों से लबरेज 'धक-धक गर्ल' 15 मई को अपना 58वां जन्मदिन मना रही हैं। सफलता के कदम चूम चुकी माधुरी लोकप्रिय अभिनेत्रियों की लिस्ट में शुमार होने के अलावा कुछ विवादों से भी घिरी रही हैं।
साल 1993 की फिल्म खलनायक में माधुरी के साथ संजय दत्त और जैकी श्रॉफ मुख्य भूमिका में थे। सुभाष घई के निर्देशन में बनी ये फिल्म उस वक्त की सबसे सफल फिल्मों में से एक थी। हालांकि, फिल्म के गाने ‘चोली के पीछे क्या है’ को लेकर जमकर बवाल हुआ था। इस गाने में अश्लीलता फैलाने को लेकर माधुरी पर कई आरोप लगे थे। इतना ही नहीं गाने को बैन करने और फिल्म की रिलीज की रोक की भी मांग की गई थी। हालांकि, कोर्ट ने इसे खारिज करते हुए कहा कि इस गाने में कुछ आपत्तिजनक नहीं है।
माधुरी के गाने चोली के पीछे क्या है को अलका याग्निक और ईला अरुण ने गाया था। गाने के बोल आनंद बख्शी ने लिखे और लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने संगीत दिया। वहीं, सरोज खान ने कोरियोग्राफ किया था। विवादों के बावजूद माधुरी के इस गाने के 90 लाख से ज्यादा कैसेट बिके थे। खास बात है कि इसी गाने के लिए इला अरुण और अल्का याग्निक को बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था।
इस फिल्म में संजय दत्त, जैकी श्रॉफ, माधुरी दीक्षित, अनुपम खेर, राखी गुलजार, रम्या कृष्णा, सुष्मिता मुखर्जी, एके हंगल, नीना गुप्ता जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में थे।
उस समय संजय दत्त और माधुरी दीक्षित की नजदीकियों के भी चर्चे थे। तमाम मैग्जीन और रिपोर्ट्स में दोनो के अफेयर की खबरें आने लगी थीं। हालांकि, उन्होंने कभी अपने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। जानकारी के अनुसार शादीशुदा होने के बाद भी संजय, माधुरी से शादी करना चाहते थे। उस वक्त संजय की पत्नी ऋचा शर्मा अपना ब्रेन ट्यूमर का इलाज करवा रही थीं। एक इंटरव्यू के दौरान ऋचा ने माधुरी को 'घर तोड़ने वाली और शादीशुदा इंसान से अफेयर करने वाली महिला कहा था।'
वहीं संजय दत्त और माधुरी के कथित अफेयर पर तब विराम लगा जब 1993 मुंबई बम ब्लास्ट में संजय दत्त की गिरफ्तारी हुई। एक्ट्रेस उनसे दूर हो गईं और उन्होंने 1999 में भारतीय मूल के अमेरिकी डॉक्टर श्री राम माधव नेने से शादी कर ली। इस शादी से कपल के दो बेटे हैं।