VinFast: ईवी मार्केट में सिक्का जमाने भारत आ रही नई कंपनी, 2 धांसू SUV के साथ मारेगी एंट्री

VinFast: वियतनाम की इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी VinFast (विनफास्ट) 15 जुलाई से भारतीय बाजार में ऑफिशियल एंट्री करने वाली है। इस दिन कंपनी अपनी दो इलेक्ट्रिक एसयूवी– VinFast VF6 और VF7 की प्री-बुकिंग शुरू करेगी। विनफास्ट ने भारत में ऑपरेशन के लिए 27 शहरों में 32 डीलरशिप को नेटवर्क में जोड़ा है। इसके लिए कंपनी ने देश के 13 प्रमुख डीलर ग्रुप्स के साथ साझेदारी की है, जहां पर 3S नेटवर्क (सेल्स, सर्विस और स्पेयर पार्ट्स) की सुविधा उपलब्ध होगी।
इन शहरों में उपलब्ध होंगी VinFast की कारें
VinFast की डीलरशिप की शुरुआत प्रमुख महानगरों और उभरते शहरों से होगी। इनमें दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, चंडीगढ़, लखनऊ, आगरा, शिमला, झांसी, ग्वालियर, चेन्नई, हैदराबाद, कोयंबटूर, त्रिवेंद्रम, कोचीन, कालीकट, मुंबई के पास वापी, बड़ौदा, सूरत, पुणे, अहमदाबाद, गोवा, कोलकाता, भुवनेश्वर, विजयवाड़ा, विशाखापट्टनम और जयपुर शामिल हैं। कंपनी का कहना है कि इन शहरों का चयन ईवी अपनाने की तेजी और मजबूत चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के आधार पर किया गया है। विनफास्ट का लक्ष्य 2025 के अंत तक डीलर नेटवर्क को बढ़ाकर 35 आउटलेट्स करने का है।
डीलरशिप पर कंपनी का दृष्टिकोण
VinFast एशिया के सीईओ फाम सान चाऊ ने बताया- हम भारत के प्रतिष्ठित डीलर पार्टनर्स के साथ साझेदारी कर उत्साहित हैं। हमारा उद्देश्य ग्राहकों को भरोसेमंद और प्रीमियम इलेक्ट्रिक वाहन अनुभव प्रदान करना है, जिसमें उत्कृष्ट सर्विस और क्वालिटी शामिल होगी। हम चाहते हैं कि भारत के हर कोने में ग्राहक VinFast की वर्ल्ड-क्लास गाड़ियों और सर्विस से जुड़ें।
कस्टमर सर्विस और साझेदारियां
VinFast केवल वाहन बिक्री तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि आफ्टर-सेल्स सर्विस को भी मजबूत बनाने पर ध्यान दे रही है। इसके लिए कंपनी ने कई साझेदारियां की हैं:
- Global Assure के साथ हुई साझेदारी के तहत VinFast अपने ग्राहकों को 24x7 रोडसाइड असिस्टेंस, कस्टमर सपोर्ट कॉल सेंटर, और मोबाइल सर्विस जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
- MyTVS और RoadGrid के साथ: ईवी चार्जिंग और सर्विस नेटवर्क
- BatX Energies के साथ: बैटरी रीसायक्लिंग और रीपर्पजिंग
भारत में असेंबल होंगी गाड़ियां
VF6 और VF7 एसयूवी भारत में तूतीकोरिन (तमिलनाडु) स्थित विनफास्ट के आने वाले प्लांट में लोकल असेंबली के जरिए बनाई जाएंगी। ये गाड़ियाँ वियतनाम से CKD (Completely Knocked Down) यूनिट्स के रूप में भारत आएंगी और यहां असेंबल की जाएंगी।
प्रतिस्पर्धा – VF6 और VF7 की टक्कर
- VinFast VF6 एक कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक एसयूवी है, जो भारतीय बाजार में Hyundai Creta EV, Tata Curvv EV और Mahindra BE.06 जैसे मॉडलों के साथ प्रतिस्पर्धा करेगी।
- VinFast VF7 एक प्रीमियम मिड-साइज इलेक्ट्रिक एसयूवी है, जो Mahindra XUV.e9, BYD Atto 3 और अन्य हाई-एंड ईवी विकल्पों को कड़ी चुनौती देगी।
VinFast का भारत में प्रवेश देश के इलेक्ट्रिक व्हीकल मार्केट के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी न केवल कारें पेश कर रही है, बल्कि ग्राहकों को संपूर्ण ईवी अनुभव देने की योजना बना रही है— जिसमें मजबूत डीलर नेटवर्क, विश्वसनीय सर्विस सपोर्ट, और टिकाऊ बैटरी समाधान शामिल हैं।
(मंजू कुमारी)